हेराल्ड मामला बहाना, असली मकसद देश का ध्यान भटकाना: स्पेंसर लाल
गांधी परिवार पर बार-बार हमले असफल होंगे, सत्य कभी पराजित नहीं हो सकता: लाल

कांग्रेस पार्टी के एआईसीसी सदस्य स्पेंसर लाल ने केंद्र की मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि देश का माहौल बिगाड़ने और जनता का ध्यान असल मुद्दों से भटकाने के लिए एक बार फिर हेराल्ड मामले को उछाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि वक़्फ़ बोर्ड से जुड़े मुद्दे के बाद से ही देश में लगातार धार्मिक और सामाजिक तनाव की स्थिति बनाई जा रही है और अब गांधी परिवार को बदनाम करने के लिए वर्षों पुराना हेराल्ड प्रकरण फिर से सामने लाया गया है।
स्पेंसर लाल ने कहा कि यह सब सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है, जिसके पीछे नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस का सीधा दखल है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक देश की जनता को झूठ और भ्रम के सहारे भटकाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि 2014 से अब तक बार-बार गांधी परिवार को निशाना बनाया गया है लेकिन एक भी आरोप साबित नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि जैसे ही चुनाव पास आते हैं, भाजपा और आरएसएस गांधी परिवार पर आरोपों की झड़ी लगा देते हैं और चुनाव खत्म होते ही ये सारे मुद्दे ठंडे बस्ते में चले जाते हैं। इसका एकमात्र कारण यह है कि ये आरोप असत्य होते हैं और कभी भी सत्य को पराजित नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि आज पूरे भारत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया है और स्पष्ट संकेत दे दिया है कि अब इस प्रकार की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलने वाली।
स्पेंसर लाल ने कहा कि अगर नेशनल हेराल्ड केस में कोई सच्चाई होती तो क्या आज राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी पूरी ताकत से आरएसएस और भाजपा को सदन से लेकर सड़क तक कटघरे में खड़ा कर पाते? उन्होंने बताया कि अंग्रेजों के जमाने में जब भारत की आवाज को दबाया जा रहा था, तब नेशनल हेराल्ड ने ही विदेशी मीडिया के सामने भारत की जनता की सच्चाई रखी थी। यह अखबार पंडित जवाहरलाल नेहरू ने अपने निजी पैसों से देश के स्वतंत्रता संग्राम को मज़बूती देने के लिए शुरू किया था।
स्पेंसर लाल ने आरोप लगाया कि आज वही आरएसएस और भाजपा, जो आज़ादी की लड़ाई में कहीं नहीं थे, अंग्रेजों की मुखबिरी वाले लोग उस अखबार को और गांधी परिवार को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह संपत्ति आज करोड़ों की हो गई है, तो इसमें आश्चर्य की बात नहीं है। यह कांग्रेस परिवार का आंतरिक मामला है, फिर भाजपा को इससे क्या दिक्कत है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा पहले अपने चंदों का हिसाब दे, जय शाह की संपत्ति की जांच करवाए और मेहुल चौकसी जैसे भगोड़े कारोबारियों से जुड़े पैसों की जिम्मेदारी तय करे।
स्पेंसर लाल ने स्पष्ट किया कि भाजपा बार-बार गांधी परिवार पर हमले कर देश का ध्यान मुख्य मुद्दों से भटकाती रही है, लेकिन अब देश की जनता सब समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि हर बार जब कोई बड़ा घोटाला या जनविरोधी निर्णय होता है, तो भाजपा ऐसे मुद्दों को उछाल कर मीडिया और जनता को गुमराह करती है।
अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता गांधी परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ा है और सत्य की लड़ाई में हम कभी पीछे नहीं हटेंगे। अब पूरा देश जान चुका है कि हेराल्ड और वाड्रा जैसे मामलों का इस्तेमाल सिर्फ राजनीतिक बदले की भावना से किया जा रहा है, न कि न्याय के लिए।