प्रज्ञा बुद्ध विहार में विद्यार्थी दे रहे बोर्ड की परीक्षा
डॉ. अंबेडकर के विचारों को साकार कर रहा प्रज्ञा बुद्ध विहार, सकारात्मक ऊर्जा से भरा माहौल

सतपुड़ा अंचल न्यूज़ बैतूल। जामठी के शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय परीक्षा केंद्र में जगह की कमी के कारण 70 विद्यार्थियों की परीक्षा प्रज्ञा बुद्ध विहार में आयोजित की गई। जामठी स्थित प्रज्ञा बुद्ध विहार में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सोनाघाटी, जामठी सहित भारत भारती विद्यालय, ज्ञानकृति स्कूल के विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंच रहे हैं। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने वहां की सकारात्मक ऊर्जा को भी महसूस किया। शांत और प्रेरणादायक माहौल में आयोजित परीक्षा में विद्यार्थियों ने खुद को आत्मविश्वास से भरा हुआ महसूस किया।
प्रज्ञा बुद्ध विहार समिति के आरडी पाटिल ने बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के शिक्षा संबंधी विचारों की प्रेरणा इस परीक्षा केंद्र में स्पष्ट रूप से झलक रही है। उन्होंने बताया बुद्ध विहार का ऐतिहासिक महत्व बहुत गहरा है, क्योंकि 2500 साल पहले बुद्ध विहार शिक्षा के प्रमुख केंद्र थे। प्राचीन काल में बुद्ध के सिद्धांतों और ज्ञान पर आधारित शिक्षा दी जाती थी, जहां शिष्य आत्मज्ञान और सामाजिक उत्थान की शिक्षा ग्रहण करते थे।
प्रज्ञा बुद्ध विहार विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और आत्मविश्वास का स्रोत भी बन रहा है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर हमेशा से शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावशाली माध्यम मानते थे। उनका मानना था कि शिक्षा ही वह साधन है जो हर व्यक्ति को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक कर सकती है। केंद्र पर पहुंचे विद्यार्थियों ने भी इस विशेष वातावरण को महसूस किया। उनका कहना था कि बुद्ध विहार का शांतिपूर्ण और सकारात्मक माहौल उन्हें एक नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है। परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं दिखी, जिससे छात्रों को निर्बाध रूप से परीक्षा देने का अवसर मिला।
श्री पाटिल ने बताया कि इस परीक्षा केंद्र का चयन विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक स्थान के रूप में किया गया है। डॉ. अंबेडकर के विचारों के अनुरूप यह स्थान शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का संदेश दे रहा है।