आठनेरबैतूल

अंबा देवी की ऐतिहासिक महाआरती में उमड़ा हजारों भक्तों का सैलाब

हजारों दीपों की झिलमिल रोशनी से जगमगाया हिवरा का अम्बा देवी मंदिर, महाआरती में 10 हजार से अधिक भक्त हुए शामिल, केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके समेत कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

  सतपुड़ा अंचल बैतूल। आठनेर विकासखंड के ग्राम हिवरा स्थित प्राचीन और प्रसिद्ध अम्बा देवी मंदिर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी महाआरती और भण्डारे का आयोजन बड़े धूमधाम से किया गया। मंगलवार की रात विशेष पूजा-अर्चना और संगीतमय आरतियों के साथ इस महाआरती का आयोजन किया गया। अम्बा देवी के इस कार्यक्रम में क्षेत्र के 51 गांवों से चुनरी यात्रा पहुंची, जिसने आयोजन की शोभा को और भी बढ़ा दिया।

10 हजार से ज्यादा भक्त महा आरती में हुए शामिल

मंदिर समिति के अध्यक्ष तरुण साकरे ने बताया कि महाआरती और भण्डारे को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। रात्रि 9 बजे से शुरू हुई आरती में जिले और आसपास के क्षेत्र से हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। भक्तों की भीड़ इतनी थी कि लोगों को मां भवानी के दर्शन के लिए घंटों कतार में खड़े रहना पड़ा। पूजा और भण्डारे का सिलसिला मध्यरात्रि तक चलता रहा। महाआरती में मां भवानी की पांच संगीतमय आरतियों का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों भक्त शामिल हुए। इस अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य बब्ला शुक्ला, मुकेश खंडेलवाल, बाबा माकोडे, कृष्णा गायकी, गोवर्धन राने सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 10 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया और मां भवानी के दर्शन किए।

चुनरी यात्रा ने बढ़ाई कार्यक्रम की शोभा

ग्राम धामोरी, जावरा, धनोरी, धनोरा, ठानी, गुजरमाल, गुनखेड़, मांडवी, जामगांव, बरखेड, सातनेर सहित 51 गांवों से आई चुनरी यात्राओं ने महाआरती की शोभा को और बढ़ा दिया। हर गांव से आई चुनरी यात्राओं ने मां भवानी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और श्रद्धा से पूजा-अर्चना कर चुनरी भेंट की।

दीपों और रंगोली से सजी गलियां

महाआरती के इस भव्य आयोजन के लिए ग्रामीणों और समिति के सदस्यों द्वारा मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया था। हजारों दीपों की जगमगाहट और फुलों से सजे मंदिर ने अद्भुत दृश्य उत्पन्न किया। गांव की गलियों को रंगोली से सजाया गया, जिससे मंदिर के चारों ओर का वातावरण और भी आकर्षक हो गया। इस भव्य आयोजन में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था।

 जनप्रतिनिधियों का माना आभार

कार्यक्रम की सफलता के लिए मंदिर समिति ने मां भवानी के प्रति आस्था रखने वाले सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्र के उन हजारों भक्तों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। वहीं, ग्रामवासियों ने भी इस आयोजन में आए जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद व्यक्त किया, जिन्होंने अपनी उपस्थिति से इस आयोजन को भव्य और यादगार बनाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!